जिला कारागार में भोजन की गुणवत्ता की जांच करते न्यायिक अधिकारी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
कैदियों को गुणवत्ता पूर्ण भोजन न मिलने पर जताई नाराजगी
- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जिला जेल का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हरिकेश कुमार ने शुक्रवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान कैदियों के भोजन मानक के अनुरूप न मिलने पर नाराजगी जताई। गुणवत्ता पूर्ण भोजन देने का निर्देश जेल अधीक्षक को दिया।
प्राधिकरण के सचिव हरिकेश कुमार ने बताया कि राज्य प्राधिकरण और जिला जज के निर्देश पर जिला जेल का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कुल 510 महिला एवं पुरुष बंदी निरुद्ध हैं। निरीक्षण के समय रोटी, चावल, अरहर दाल एवं लौकी की सब्जी (रसीली) बनी हुई थी। लौकी की सब्जी को खाकर देखा गया जो पकी नहीं थी तथा लौकी के बीज पके हुए काटे गए थे।
उपकरापाल ने बताया कि वर्तमान में जो सब्जी देवरिया जेल से प्राप्त होती है वही बनती है। शाम के भोजन में भी मेन्यू के अनुसार आलू, लौकी की सब्जी बनाई जाएगी। सब्जी की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं थी। जिसके संबंध में प्रभारी अधीक्षक को निर्देशित किया गया। कुछ महिला बंदियों ने बताया कि छोटे बच्चों को पर्याप्त मात्रा में दूध नहीं प्राप्त हो रहा है। इस संबंध में भी निर्देश दिया। निरीक्षण के समय प्रभारी अधीक्षक जीआर वर्मा, उपकारापाल नयन कमल सिंह, फार्मासिस्ट डीपी सिंह, जेल वार्डन देवेश समेत अन्य मौजूद रहे।