ननिहाल से मासूम लापता, अपहरण का केस दर्ज
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के गौंसपुर में ननिहाल में आया मासूम बुधवार की शाम को लापता हो गया। पीड़ित नाना ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। पीड़ित नाना ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपहरण का केस दर्ज कराया है।
धनघटा क्षेत्र के चपरा पूर्वी निवासी उग्रसेन की कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर में हरिश्चंद्र के वहां ससुराल है। उग्रसेन ने बताया कि उसके पास दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सात वर्षीय अंकित दीवाली में अपने नाना के घर गौंसपुर गया था। बुधवार की शाम को बेटा अंकित ननिहाल से लापता हो गया। उसकी कोई दुश्मनी नहीं है। बेटे की तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। उसने ऐलान किया कि जो उसके बेटे को ढूंढ कर घर तक पहुंचाएगा, उसे उचित ईनाम दिया जाएगा।
पीड़ित नाना हरिश्चंद्र की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। लापता मासूम की तलाश की जा रही है।