संतकबीरनगर। जिला कारागार में निरुद्ध बंदी की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उसे सांस फूलने और सीने में दर्द की शिकायत के बाद जेलकर्मी संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रात करीब 11:04 बजे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों ने उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के अमरहा गांव निवासी टुनटुन (34) पुत्र झिन्नू जिला कारागार में निरुद्ध था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मेंहदावल थाने में चोरी और मादक पदार्थ से संबंधित चार प्राथमिकी दर्ज थीं।
बताया गया कि 28 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे टुनटुन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे सांस फूलने और सीने में दर्द की शिकायत हुई। जेल वार्डर कुलदीप गुप्ता और संतोष पासवान उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बंदी की मौत की सूचना जेल प्रशासन ने पुलिस को दी। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। उपजिलाधिकारी सदर हृदयराम त्रिपाठी और कोतवाल जय प्रकाश दूबे की मौजूदगी में आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। मृतक की बेटी रूपा ने कहा कि उसके पिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हुई। परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस और जेल प्रशासन ने मारपीट के आरोप की पुष्टि नहीं की है।
जिला कारागार में निरुद्ध बंदी की बीमारी से मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संदीप कुमार मीना, एसपी