संतकबीरनगर। जिला कारागार संतकबीरनगर में मंगलवार को जिला जज रणधीर सिंह, जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। टीम ने बैरकों, मेस, कार्यालय समेत जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों की तलाशी ली। जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और आने-जाने वाले लोगों व सामान की जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। कारागार कर्मियों को सुरक्षा और अनुशासन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बंदियों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला जज, डीएम और एसपी ने जेल परिसर, बैरकों और मेस में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी। कारागार कर्मियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए।