प्राथमिक विद्यालय ढोढ़ पर मिला घायल सारस पक्षी
मेंहदावल। शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय ढोढ़ में एक चोटिल राजकीय पक्षी सारस मिला। जिसे देख स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपीचंद ने पहले स्थानीय लोगों की मदद से उपचार कराया। फिर 112 पर फोन करके उसको वन विभाग के कब्जे में सुरक्षित करवा दिया।
उन्होंने बताया कि सुबह स्कूल पर पहुंचने पर बच्चों ने बताया कि एक पक्षी घायलावस्था में विद्यालय के शौचालय की तरफ आ गया है। सूचना मिलने पर तुरंत ही वहां पर पहुंचकर पहले उसके उपचार कराने के लिए प्रयास किया गया। स्थानीय स्तर पर एक पशु प्रेमी की मदद से उसके पंख पर लगे चोट का इलाज करवाया गया। इसके बाद मुकामी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत ही इसकी सूचना वन विभाग को दिया। इस सूचना पर वन विभाग टीम ने स्कूल पर पहुंचकर राजकीय पक्षी सारस को अपने कब्जे में लिया। संवाद