संतकबीरनगर जिले में धनघटा क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक को उसकी भयहु (छोटे भाई की पत्नी) ने जमीन संबंधी विवाद में शुक्रवार को नाखून गड़ा और दांत से काटकर घायल कर दिया। पीड़ित शिक्षक थाने पर पहुंचकर शिकायत की। बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई।
पीड़ित का कहना है कि वह परिषदीय विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं। वह तीन भाई हैं। तीनों भाइयों के बीच आपसी बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। न्यायालय में मामला विचाराधीन है। शुक्रवार को विद्यालय में भोजन अवकाश के दौरान वह घर पहुंचे तो उनकी भयहु अपशब्द कहने लगी। जब उसको अपशब्द कहने से मना किया तो वह मारपीट पर आमादा हो गई।
शिक्षक ने अपना बचाव करने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उनके भाई की पत्नी ने नाखून मारकर और दांत से काट कर उनको घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उसके बाद दोनों पक्षों से संभ्रांत लोग पहुंचकर दोनों के बीच समझौता करवा दिया। एसओ जयवर्धन सिंह ने कहा कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आ रही है।