मेहदावल। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव स्वामीनाथ ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान जिले के सपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। उन्हें अपनी नीतियों का प्रचार-प्रसार करने तथा पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मेंहदावल निवासी स्वामीनाथ निषाद लंबे समय से निषाद पार्टी से जुड़े रहे। उन्हें निषाद पार्टी में राष्ट्रीय सचिव भी बनाया था। सपा नेता अमरेंद्र निषाद के नेतृत्व में उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वाइन की है। इस दौरान पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, जयराम पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, रामदरश यादव मौजूद रहे। स्वामीनाथ निषाद के सपा में शामिल होने पर सपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए मिठाइयां बांटी हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी। स्वामीनाथ निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से पिछड़ों के हित के लिए लड़ाई लड़ती रही है। निषाद पार्टी रास्ते से भटक गई है, जिस कारण उन्होंने सपा की सदस्यता ली है। समाजवादी पार्टी को मजबूत करने को लेकर वह पूरे मनोयोग से कार्य करेंगे। सपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करने के साथ-साथ लोगों तक समाजवाद की नीतियां पहुंचाने का कार्य करेंगे। पार्टी जो जिम्मेदारी तय करेगी उसके अनुसार कार्य करते रहेंगे।