सेमरियावां। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लॉक सभागार सेमरियावां में पंचायत सहायकों एवं ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ताकि ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयार कर ग्रामीण विकास को नई गति दी जा सके।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सहभागी विकास के लिए नौ थीम आधारित कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान 56 गांव के पंचायत सहायक मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर जेबी कुशवाहा ने पंचायत विकास योजना के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नौ थीम के आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं सहित अन्य क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में अपेक्षाकृत कम विकास कार्य हुए हैं, वहां पंचायत सहायकों, ग्राम पंचायत सचिवों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों की सहभागिता से प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर उसे अमल में लाया जाएगा। इससे ग्राम पंचायतों का समावेशी और सतत विकास संभव होगा।
तकनीकी प्रशिक्षक मधुसूदन ने जीपीडीपी पोर्टल पर कार्ययोजना तैयार करने, ऑनलाइन प्रविष्टि, तकनीकी बिंदुओं और विभागीय समन्वय की जानकारी दी। प्रशिक्षण दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक चले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण में सहायक विकास अधिकारी पंचायत राधेश्याम चौधरी, ग्राम पंचायत सचिव बिमला यादव, असदुल्लाह, राहुल यादव, रिजवानुल हक आदि मौजूद रहे।