मेंहदावल। नगर के कांटी मोहल्ला में रविवार को किसानों की सुविधा के लिए फार्मर रजिस्ट्री शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व व इसके लाभ की विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान दर्जन भर किसानों ने मौके पर ही पंजीकरण कराया। शिविर में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की एक अहम पहल है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त करने के लिए भी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस व्यवस्था से किसानों की पहचान मजबूत होगी और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि किसान जन सेवा केंद्रों और कृषि विभाग के माध्यम से आसानी से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। किसी भी समस्या के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी।
एडीओ कृषि अशोक मिश्र ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के बाद किसानों को योजनाओं के लिए बार-बार आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि एक ही प्लेटफॉर्म से कई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस मौके पर बीटीएम कमल श्रीवास्तव, लेखपाल व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।