- आलू पांच रुपये तो प्याज 10 रुपया प्रति किलो बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। होली का पर्व करीब आते ही आलू व प्याज के भाव में उछाल देखने को मिल रहा है। एक सप्ताह में आलू के मूल्य में पांच रुपये प्रति किलो तो प्याज का भाव 10 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गया है। जिससे चिप्स व पापड़ का स्वाद फीका हो सकता है।
होली को कुछ ही दिन शेष है। घरों में चिप्स, पापड़ की तैयारी में महिलाएं जुटी हैं। बाजारों में चिप्स व पापड़ के लिए आलू की खरीदारी करते ग्राहक दिख रहे हैं। लेकिन वहीं आलू के भाव में तेजी ने ग्राहकों को परेशान कर दिया है। थोक और फुटकर दोनों जगह आलू के भाव में तेजी है। नवीन थोक फल सब्जी मंडी में सफेद आलू 15 रुपये और लाल आलू 17 रुपये बिका जबकि फुटकर मेें सफेद आलू 20 रुपये और लाल आलू 25 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। आलू के थोक और फुटकर भाव में पांच से सात रुपये किलो का अंतर देखने को मिल रहा है। जबकि एक सप्ताह पहले तक आलू का 14 से 16 रुपये था।
वहीं प्याज के भाव में भी तेजी दिख रहा है। एक सप्ताह पहले तक प्याज फुटकर में 18 से 20 रुपये किलो था। वह बढ़कर 30 से 35 रुपया प्रति किलो हो गया है। थोक सब्जी विक्रेता संजय कुश्वाहा का कहना है कि रमजान शुरू हो गया है और होली निकट है ऐसे में आलू व प्याज के भाव में तेजी है। ऐसा पहले भी हुआ है। गोला बाजार में चिप्स के लिए आलू खरीदने पहुंची मोनिका अग्रहरि का कहना है कि उम्मीद नहीं थी कि आलू व प्याज के भाव में तेजी आएगी। जहां चिप्स व पापड़ के लिए 15 किलो आलू लेना था वहीं 10 किलो आलू से ही काम चलाना पड़ रहा है।