अधूरे सामुदायिक शौचालय समूहों को कर दिए गए हस्तांतरित
समूहों को देखरेख के लिए 27 हजार रुपये की दर से भुगतान भी हो गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसया बाजार। पौली ब्लॉक क्षेत्र की 56 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनना है। इसमें 54 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए धन अवमुक्त हुआ था। करीब एक साल बाद भी सामुदायिक शौचालय का निर्माण अधूरा है। अधूरे शौचालयों को ही समूह की महिलाओं को हैंडओवर कर दिया है। इतना ही नहीं समूहों को देखरेख के लिए 27 हजार की दर से ट्रांसफर भी कर दिया गया। अधूरे शौचालय उपयोग में नहीं आने से शासन की मंशा पर सवाल खड़ा हो रहा है।
ग्रामीण बताते हैं कि सामुदायिक शौचालयों में मोटर, टायल्स, टोटी, रंगाई-पोताई, टंकी लगवाया हीं नहीं गया है। अधूरे सामुदायिक शौचालयों को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को हैंडओवरकर दिया गया। इतना ही नहीं समूह की महिलाओं को 27 हजार प्रति सामुदायिक शौचालय की दर से संबंधितों के खाते में ट्रांसफर भी कर दिया गया। ऐसा करके शासन की मंशा पर पानी फेेरा जा रहा है। जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि हैंडओवर हुए सामुदायिक शौचालयों की वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। इस संबंध में पूछे जाने पर एडीओ पंचायत गजानन पाल ने बताया कि उनकी अभी जल्द ही यहां तैनाती हुई है। जहां सामुदायिक शौचालय नहीं तैयार हैं, वहां जल्द ही तैयार कराकर समूह को हैंडओवर करा दिया जाएगा। यदि लापरवाही हुई तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ अतुल मिश्र ने बताया कि अधूरे सामुदायिक शौचालय समूहों को कत्तई हस्तांतरित नहीं होने चाहिए। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।