संतकबीरनगर। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कें अधूरी छोड़ दी गई हैं। इसके साथ ही कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इधर 15 जून से मानसून आने की संभावना है। ऐसे में यदि सड़कें नहीं बनीं तो बरसात के मौसम में यह सड़कें राहगीरों की परीक्षा लेंगी और लोगों के लिए चुनौती बन सकती हैं।
जिले के प्रसिद्ध तामेश्वरनाथ धाम को काॅरिडोर के रूप में विकसित करने की घोषणा हुई है। ऐसे में तामेश्वरनाथ धाम आने-जाने के लिए महुई से तामेश्वरनाथ तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया गया था। करीब एक साल से यह सड़क बन रही है। अभी तक इस पर मिट्टी और गिट्टी डाली गई है। इसके बाद कार्य ठप है।
वजह यह है कि इस सड़क पर शिवशंकर पुर गांव से होकर सड़क गुजरनी है, लेकिन कुछ लोगों के मकान आदि रास्ते में आ रहे हैं। इधर कार्य ठप होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यहां कीचड़ होने की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्र के निवासी राहुल, विजय कुमार आदि ने कहा कि यदि बरसात से पूर्व सड़क नहीं बन पाई तो राह काफी मुश्किल हो जाएगी। दूसरी तरफ शहर के नेदुला बाईपास से सेंट थामस होकर पटखौली जाने वाले मार्ग को भी अधूरा छोड़ दिया गया है। यह रोड सीसी रोड होना है। कार्य भी शुरू कराया गया, लेकिन वर्तमान में कार्य ठप पड़ा हुआ है। पालिका प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रही है, जबकि इस मार्ग से होकर प्रतिदिन स्कूली बच्चों का आना-जाना होता है। यदि सड़क बरसात से पूर्व नहीं बनी तो आना- जाना मुश्किल हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके पांडेय का कहना है कि सड़क निर्माण की बाधा जल्द ही दूर कर ली जाएगी। इसके बाद सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
00000000000000000000000
विधियानी-तितौवा मार्ग का प्रस्ताव शासन में अटका
शहर के विधियानी मोड से रेलवे स्टेशन होकर तितौवा को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि नगर पालिका प्रशासन ने करीब चार करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है, लेकिन अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई है। यह मार्ग शहर के प्रमुख मार्गाें में एक है। प्रतिदिन इस मार्ग से होकर बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। हल्की बारिश में ही सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे परेशानी उठानी पड़ती है। इस क्षेत्र के निवासी गणेश यादव, गोरख मिश्रा आदि ने कहा कि सड़क का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। ताकि बरसात के मौसम में समस्या से राहत मिल सके।
000000000000000000
शहर में जो सड़कें अधूरी है या फिर जर्जर है, उसके निर्माण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। विधियानी मार्ग के लिए चार करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद