संतकबीरनगर। समाजवादी पेंशन योजना में ग्राम प्रधान समेत 38 अपात्रों द्वारा पेंशन लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार डीएम द्वारा कराई गई जांच में यह बात सामने आई है।
इसके अनुसार बघौली ब्लॉक के रसहरा गांव में16 और सेमरियावां के तिलजा गांव में 22 अपात्र पाएगए हैं।प्रशांत राय ने डीएम को आवेदन पत्र देकर आरोप लगाया था कि बघौली ब्लॉक के रसहरा गांव में तमाम अपात्रों को समाजवादी पेंशन योजना का लाभ लिया जा रहा है।
डीएम के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग के सुपरवाइजर नागेंद्र प्रसाद ने पूरे मामले की जांच की। इसमें जांच में 16 लोग जहां अपात्र पाए गए। इन अपात्रों में प्रधान अतवारी भी पेंशन का लाभ ले रही थी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी उमाकांत शुक्ल ने बताया कि रसहरा गांव में हुई जांच में चंद्रावती, गुडिया,चंद्रावती, कलावती, पार्वती, पुष्पा,लीलावती, राजेंद्र प्रसाद, रुनमती, संगीता, शीला, विमला, सोनमती,सरिता और कौलपाती अपात्र पाईं गईं।
निर्वाचित प्रधान अतवारी भी पेंशन का लाभ ले रही हैं। प्रधान पद पर रहते हुए पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जा सकता है। ऐसी दशा में इनका पेंशन बंद कर दिया जाएगा। जबकि अन्य से रिकवरी कराई जाएगी।
सेमरियावां ब्लॉक के तिलजा के प्रधान ने डीएम को आवेदन देकर समाजवादी पेंशन योजना की जांच कराए जाने की मांग की थी। यहां भी सुपरवाइजर ने जांच की। जांच में एक लाभार्थी की मृत्यु होने और 21 लाभार्थी अपात्र मिलने की बात सामने आई है।
अपात्रों की सूची में अख्तर, अनारकली, अनीसा खातून, अनीता, अनुराधा, बबिता, चमेली, चंद्रकला, दुर्गावती, फरीदा, फूलमती, हमीला खातून, जाकिरा खातून, खैरुन्निशा, खुशबुन्निशा, माबूदा, मनवरी, निर्मला, शाहजहां खातून, संध्या पांडेय, सीमा और शोएब का नाम शामिल है।
समाज कल्याणी अधिकारी ने बताया कि पूर्व प्रधानों और सेक्रेट्री को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। साथ ही अपात्रों से पेंशन की धनराशि की रिकवरी भी कराई जाएगी।