जिला अस्पताल के महिला वार्ड का निरीक्षण करतीं चारू चौधरी।
संतकबीरनगर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। एमसीएच विंग में ज्यादातर अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट बाहर की मिलीं। जिस पर वह भड़क गईं, उन्होंने कहाकि जब अस्पताल में सुविधा है तो मरीजों को बाहर से अल्ट्रासाउंड क्यों कराना पड़ रहा है। उपाध्यक्ष को अस्पताल में काफी गंदगी मिली।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी दिन में 11 बजे जिला अस्पताल पहुंची। सबसे पहले उन्होंने सीएमएस से कर्मियों की उपस्थिति रजिस्टर को मांगा। रजिस्टर में कई चिकित्सकों का हस्ताक्षर कई दिनों से नहीं बना था। इस पर उन्होंने सीएमएस से पूछा कि ऐसा क्यों है इस पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। नए माह के लिए रजिस्टर पर कर्मियों के नामों को अंकित नहीं किया गया था। इसके बाद उन्होंने वार्ड में शौचालय, बेड के अलावा अन्य स्थानों पर गंदगी को देखा। उन्होंने कहा कि जब मेरे यहां आने पर इतनी गंदगी है तो बाद में क्या हाल होता होगा।
महिला विंग में उन्होंने प्रसूताओं से पूछा कि यहां पर कौन-कौन सी सुविधाएं दी जा रही हैं। मरीजों ने बताया कि चिकित्सक के साथ ही आशा बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कहती है। इस दौरान मरीजों के पास जो अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट मिले वह बाहर के थे। जिस पर सीएमएस से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि सौ बेड का यह अस्पताल है यहां पर डिलीवरी की संख्या बहुत ही खराब है। ऑपरेशन से डिलीवरी कराई जा रही है आखिर नार्मल डिलीवरी क्यों नहीं कराई जाती। इसके साथ ही वे वार्डों के शौचालयों में ताला लटकने को लेकर जिम्मेदारों से कहा कि आखिर इस वार्ड की महिलाएं कहां जाती होंगी। उन्होंने अस्पताल में अव्यवस्था को देखकर नाराजगी जताई।