सावन में तामेश्वरनाथ धाम में पसरा सन्नाटा
पहले सावन भर होती थी मेले की रौनक, सामान की भी खूब होती थी खरीदारी
कोरोना संक्रमण में सुरक्षा के लिहाज से मंदिर बंद, फूल माला बेचने वाले भी नदारद
अमर उजाला ब्यूरो
हरिहरपुर ( संतकबीरनगर)। सावन में इस बार ऐतिहासिक बाबा तामेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं है। पहले जहां पूरे महीने मेला लगने से रौनक रहती थी। इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से यहां सन्नाटा पसरा है। इक्का-दुक्का जो लोग पहुंच रहे हैं, वे दूर से ही भगवान शिव को प्रणाम कर वापस लौट जा रहे हैं। महाभारत कालीन ऐतिहासिक बाबा तामेश्वरनाथ मंदिर लोगों के आस्था का केंद्र है। यहां मांगी गई भक्तों की मुरादें पूरी होती हैं। यहां प्रत्येक सोमवार को लोग जलाभिषेक करते हैं।
इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से प्रशासन और मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों ने सुरक्षा के दृष्टिगत सावन महीने भर मंदिर को बंद रखने का निर्णय लिया है। आलम यह है कि इस साल यहां मेला नहीं लगा है और मंदिर बंद होने से लोग जलाभिषेक को नहीं पहुंच रहे हैं। ग्राम प्रधान नरेंद्र नाथ भारती, प्रह्लाद भारती, ब्रह्मशंकर भारती, बलदेव भारती ,ओम अनुपम भारती ने बताया कि सावन के प्रत्येक रविवार के दिन ही शिव आराधना में लगने वाले सामान का इंतजाम यहां फूल माला बेचने वाले लोग कर लेते थे। मंदिर परिसर में मिठाई की दुकानें, सौंदर्य प्रसाधन सहित घर गृहस्थी में उपयोग के सामानों की लोग खरीदारी करते थे। इस बार कोरोना महामारी की वजह से परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार व फूल माला बेचने वाले परिसर से नदारद हैं। लॉकडाउन और मंदिर में ताला बंद होने की वजह से परिसर खाली पड़ा हुआ है।