आईजी ने मातहतों को अपराध रोकने का दिया मंत्र
- जनप्रतिनिधि और व्यापारियों संग की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले के नोडल पुलिस अफसर और बस्ती रेंज के आईजी आशुतोष कुमार ने बुधवार को एसपी कार्यालय में जन प्रतिनिधयों संग बैठक की और कानून व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। उसके बाद कलेक्ट्रेट में व्यापारियों संग बैठक की। आईजी ने लोगों से बेहतर पुलिसिंग के सुझाव मांगे। इसके साथ ही मातहतों को अपराध रोकने का मंत्र दिया। सपा नेता जयराम पांडेय ने जिले के कुछ प्रकरण गिनाए और कहा कि बेवजह पुलिस लोगों को प्रताड़ित करती है।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राकेश मिश्रा ने नेदुला में हुए ऊनखास निवासी लवकुश यादव हत्याकांड का जिक्र किया। भाजपा नेता ने कहा कि जिसमें पांच घंटे तक हाईवे जाम रहा। इस मामले में पुलिस ने समय से कार्रवाई नहीं की उसी का नतीजा रहा कि लवकुश की हत्या हो गई। उन्होंने मामले में आरोपी चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी ने भी बेहतर पुलिसिंग के सुझाव दिए। सपा नेता प्रदीप सिंह ने भी मुद्दा उठाया।
उधर कलेक्ट्रेट में आईजी ने व्यापारियों के साथ बैठक की। जिसमें व्यापारियों से पुलिस के कार्य व्यवहार के बारे में जानकारी हासिल की। आईजी ने कहा कि दो दिनों तक वह जिले में रहे और यूपी 100 नंबर, जनता, जनप्रतिनिधि, मीडिया से फीडबैक लिया। कारागार , यातायात, अभियोजन समिति आदि की समीक्षा कर रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। निर्धारित स्टैंड पर ही वाहन खड़े हो, डग्गामार वाहनों के संचलन पर रोक लगे, ठेले खोमचे वालों को धंधा करने के लिए जगह बने, ऐसी तमाम बाते निकल कर आई है। स्कूलों के आसपास घूमने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए है। अवैध शराब, गोतस्करी को रोकने के लिए सख्त हिदायत दी है। प्रशासन भ्रष्टाचार मुक्त हो यही शासन की मंशा है।
--------
आईजी बस्ती ने महुली थाने का किया निरीक्षण
हरिहरपुर। जिले के नोडल पुलिस अधिकारी एवं बस्ती रेंज के आईजी आशुतोष कुमार ने बुधवार को महुली थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक की व्यवस्था, मालखाना व शस्त्रों की स्थिति का भी जायजा लिया। जांच से संतुष्ट नोडल अधिकारी ने मौजूद पुलिस अफसरों और पुलिस के जवानों से क्षेत्र की जनता का विश्वास जीतने को कहा। जिससे लोग निर्भीक होकर पुलिस से अपनी बात कर सकें। साथ ही आतंकी घटनाओं केे मद्देनजर पुलिस को सतर्क रहने की हिदायत दी। इस मौके पर एसपी ब्रजेश कुमार, एएसपी असित श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह, एसआई राम अछैबर पांडेय, अमला यादव, दीपक दूबे, शर्मा सिंह यादव, मनोज कुमार त्रिपाठी, सदरूल आलमीन, राकेश पांडेय, विरेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।