संतकबीरनगर। झमाझम बारिश बीमारियों को बढ़ावा दे सकती है। मलेरिया और डेंगू मच्छर के प्रभावी होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। साफ-सफाई का ध्यान रखकर बीमारियों से बचा जा सकता है।
बारिश का मौसम मच्छर जनित बीमारियों को बढ़ावा देता है। एक स्थान पर कई दिन तक पानी भरा रहने से मलेरिया और डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत होती है। जिले में जनवरी से अब तक डेंगू के 13 रोगी मिल चुके हैं। बारिश का मौसम मच्छर जनित बीमारियों को बढ़ावा देता है। एक स्थान पर कई दिन तक पानी भरा रहने से मलेरिया और डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं।
ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इन्हीं बीमारियों से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि 38 डिग्री से कम तापमान होने पर मच्छरों की संख्या में इजाफा होता है।
किसी बर्तन या स्थान पर साफ पानी चार दिन तक भरा रहने से डेंगू मच्छर पैदा होते हैं। घरों के आसपास गंदे पानी के ठहराव से मलेरिया के मच्छर पैदा होते हैं। ऐसे में बचाव की जरूरत है। घरों के भीतर और बाहर कई दिन तक पानी न भरा रहने दें। घरों के अंदर और बाहर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें।
बासी खाना, बाजार की खाने-पीने की वस्तुओं से परहेज रखें। फिल्टर किया या फिर पानी उबालकर पिएं। इसके बावजूद कोई शिकायत हो, तो सरकारी अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लें। बिना डॉक्टर के परामर्श के कोई भी दवा का सेवन न करें।