संतकबीरनगर। शहर में जल निकासी की व्यवस्था अभी तक मुकम्मल नहीं हो सकी है। पिछले दिनों हल्की बारिश में ही कई मोहल्लों में जलभराव हो गया था। 15 जून से मानसून आने की भी संभावना है। शहर में कहीं नाला अधूरा छोड़ दिया गया है, तो कहीं जाम पड़े हैं। इसके बाद जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो शहर फिर जलभराव से जूझेगा और लोगों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अंतर्गत छोटे-बड़े 36 नाले हैं। इनकी सफाई के लिए नगर पालिका प्रशासन के पास सिर्फ एक मशीन है। अभी तक नाला सफाई रफ्तार नहीं पकड़ सकी है। पिछले वर्षों की बात करें तो शहर में जलभराव की जबरदस्त स्थिति उत्पन्न होती रही है।
शहर के गोलाबाजार, अंसार टोला, सरयू नहर काॅलोनी, मुखलिसपुर तिराहा, विधियानी, मड़या ऐसे स्थान हैं जहां जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने मेंहदावल बाईपास से कलक्ट्रेट तक नाले का निर्माण कराया है, जबकि बड़गो तक नाला बनना है, लेकिन इसका निर्माण अभी तक नहीं हो सका है।
शहर के बनियाबारी से खुदवा तक नाला अधूरा पड़ा है। यही नहीं नालों को आपस में जोड़ने का काम भी पूरा नहीं हो सका है। इसके साथ बगहिया सहित कई क्षेत्रों में पूर्व में बनी नालियां टूट गई हैं, जिसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। ऐसे में लोगों को जलभराव की चिंता सता रही है। यही नहीं इस समय नगर पालिका प्रशासन नालों की साफ-सफाई में जुटा है, लेकिन एक मात्र मशीन होने के कारण समय से नालों की सफाई भी काफी धीमी गति से हो रही है।
000000000000000000
पटखौली में अधूरा छोड़ दिया है नाला
शहर के पटखौली प्राथमिक विद्यालय के पास नाला का निर्माण कराया गया है, लेकिन इसको अधूरा ही छोड़ दिया गया है। ऐसे में बरसात में पानी कहां जाएगा, यह सवाल बना हुआ है। इस क्षेत्र के निवासी सूरज कुमार ने कहा कि अधूरे नाले को पूर्ण कराया जाना चाहिए, ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके।
00000000000000000000
चबूतरा बना लेने से और बढ़ी परेशानी
शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपनी सुविधा के लिए नालों पर चबूतरा बना लिया है। साथ ही यहां दुकानें लगाई जा रही हैं। इसके कारण सफाई कर्मियों को नालों की सफाई में दिक्कत आ रही है। शहर के मुखलिसपुर रोड स्थित नाला जाम है तो पुरानी सब्जी मंडी में भी नाला जाम है। शहर निवासी राम कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि यदि मानसून आने से पूर्व नालों की सफाई नहीं हुई तो परेशानी बढ़ सकती है।
0000000000000000000
शहर में जलभराव न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अधूरे नालों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां नालों की सफाई में बाधा खड़ी हो रही है, उसे दूर कराया जा रहा है। साथ ही नालों को प्रमुख नालों से जल्द ही जोड़ दिया जाएगा।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद