- पुलिस भर्ती परीक्षा में 1138 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
- दोनों पाली में 5232 अभ्यर्थियों को होना था शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के नौ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को पुलिस भर्ती परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित समय पर शुरू हुई। चेहरे और आंखों से परीक्षार्थी की पहचान हुई। इसके बाद वह कक्ष में पहुंचे। दोनों पाली में 1138 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर 5232 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। पुलिस के अधिकारी केंद्रों का निरीक्षण कर हर बिंदु की निगरानी करने में जुटे रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों काे त्रिस्तरीय जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर दो घंटा पहले ही परीक्षार्थियों की लाइन लग गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र, पहचान पत्र एवं पेन लेकर ही गेट के भीतर जाने दिया गया। गेट के अंदर बायोमैट्रिक जांच और मिलान होने के बाद ही परीक्षार्थियों को कक्ष के भीतर जाने की अनुमति दी गई।
दोनों पाली में सभी केंद्रों पर 5232 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इसके सापेक्ष 4094 परीक्षार्थी ही उपस्थित रहे, जबकि 1138 परीक्षार्थी परीक्षा देने केंद्र पर नहीं आए। प्रथम पाली में 2616 परीक्षार्थी के सापेक्ष 2040 ही परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचे, जबकि प्रथम पाली की परीक्षा में 576 ने भर्ती परीक्षा छोड़ दी। इसके साथ ही द्वितीय पाली में 2054 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। आरक्षी परीक्षा में शामिल होने वाले 2616 परीक्षार्थियों में से द्वितीय पाली की परीक्षा में 562 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने परीक्षा केेंद्रों पर पहुंचकर जोन, सेक्टर व सब सेक्टर अधिकारियों से परीक्षा के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया।
000000000000000000000
परीक्षा छूटने पर बस पकड़ने की मची होड़
पुलिस भर्ती परीक्षा छूटने के बाद परिवहन निगम की बसों को पकड़ने के लिए होड़ मची रही। केंद्र से बाहर निकले के बाद अभ्यर्थी बस अड्डे की तरफ भागे। गंतव्य को जाने के लिए जैसे की कोई बस दिखाई दे रही थी, वैसे ही परीक्षार्थी उसे पकड़ने के लिए भागने लगते। बस में चढ़ने और सीट पाने के लिए जमकर धक्कामुक्की भी हुुई। कड़ी मशक्कत व पसीना बहाने के बाद ही परीक्षार्थी को बसों में घुसने की जगह मिल सकी। बहुत से परीक्षार्थी को खड़े होकर यात्रा करने के लिए विवश होना पड़ा।
00000000000000000000
पुलिस भर्ती परीक्षा में 4094 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1138 ने परीक्षा को छोड़ दी है। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न हुई।
-महेंद्र सिंह तंवर, डीएम