संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में इलाज कराने गई एक किशोरी के साथ मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाने के दौरान छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित ने बताया कि वह 13 वर्षीय बेटी की दवा कराने मोहल्ले के मेडिकल स्टोर पर गए थे। मेडिकल स्टोर संचालक ने अपने कंपाउंडर से इंजेक्शन लगाने को कहा। इसके बाद वह संचालक के पास बैठ गए और बेटी को सुई लगाने के लिए कंपाउंडर केबिन में लेकर चला गया। बेटी ने वहां से आने के बाद घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह बेटी को लेकर घर चले गए और उसे वहां छोड़कर अपने भतीजे और मित्र के साथ दुकान पर आकर संचालक से शिकायत की तो दोनों गालियां देते हुए धमकी देने लगे।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी अनीष चौधरी निवासी मुडेंरवा जनपद बस्ती एवं परमात्मा चौधरी निवासी झीनखाल बंजरिया के खिलाफ केस दर्जकर घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।