एमसीएच विंग में 51 बेड का होगा आईसीयू
डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर युद्ध स्तर पर तेजी लाने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला अस्पताल में एमसीएच विंग 100 की जगह 150 बेड करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आईसीयू वार्ड को 51 बेड करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामान की जल्द से जल्द खरीदारी कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
डीएम ने सोमवार को एमसीएच विंग में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सतर्कता बरतनी जरूरी है। उन्होंने एमसीएच विंग में कोविड एलटू अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। वर्तमान में 100 बेड का अस्पताल संचालित है, जिसे 150 बेड किया जाएगा। बेड की खरीदारी के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आईसीयू को 16 बेड से 51 बेड करने के निर्देश दिए। डीएम ने कोविड अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बढ़ाने और पर्याप्त मात्रा में डॉक्टर की तैनाती के लिए कहा है। डीएम ने कहा कि ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। अगर शिकायत मिली कि किसी मरीज को आक्सीजन नहीं मिल रहा है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। मरीज की ऑक्सीजन की कमी से मौत नहीं होनी चाहिए। इस आपदा की घड़ी में हम सभी को मिल-जुल कर काम करना होगा। बैठक में प्रभारी सीएमओ डॉ. मोहन झा, डीएसटीओ एनके सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी समेत अन्य मौजूद रहे।