महुली में विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत का मामला
भाई की तहरीर पर ससुरालियों पर दहेज हत्या की प्राथमिकीसंतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के परसादीपुर गांव निवासी माया यादव की संदिग्ध हालात में जलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति रमेश चंद्र यादव, जेठ गोरखनाथ यादव उर्फ इंद्रेश और जेठानी कांती देवी निवासी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने माया के भाई श्यामकरन की तहरीर पर बुधवार देर शाम दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के उसका खुर्द गांव निवासी श्यामकरन यादव ने तहरीर में बताया कि बहन माया की शादी वर्ष 2020 में महुली थाना क्षेत्र के परसादीपुर गांव निवासी रमेश चंद्र यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि 27 मई को माया ने बड़ी बहन के पास सुबह करीब 8:30 बजे फोन कर बताया कि पति व जेठ-जेठानी दहेज के लिए विवाद किए हैं। इसी बीच बहन के ससुरालियों ने फोन कर जल्दी वहां आने की बात कही। वहां जाने पर देखा कि बहन का दोनों हाथ बंधा हुआ था और वह बुरी तरह से जली हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को अगया उर्फ सिदाही मोड़ से तीनों आरोपियों पति रमेश चंद्र यादव, जेठ गोरखनाथ यादव उर्फ इंद्रेश और जेठानी कांती देवी निवासी परसादीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करके सभी को संबंधित न्यायालय पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पिता ने बेटी के चिता को दी मुखाग्नि
उसका खुर्द गांव निवासी दुर्गा प्रसाद ने बृहस्पतिवार को जब अपने बेटी माया के चिता को मुखाग्नि दी तो वहां पर मौजूद सभी की आंखें छलक पड़ीं। उन्हें क्या पता था कि जिस बेटी को वह डोली में बिठाकर उसके ससुराल भेजे, उसी बेटी को मुखाग्नि देना पड़ेगा। मायके पक्ष की मानें तो माया की शादी के बाद से अब तक कोई बच्चा नहीं था। उसका इलाज एक निजी अस्पताल से चल रहा था। इधर, दहेज प्रताड़ना के साथ ही उसे अक्सर पति व जेठ, जेठानी के तानों से भी परेशान होना पड़ता था। पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने शव मिलने पर कोतवाली क्षेत्र के अजगईबा घाट पर शव को ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
कोट
मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव अंतिम संस्कार के लिए मायके पक्ष के लोगों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने नामजद पति समेत अन्य तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करके जेल भेज दिया गया है। - अभयनाथ, सीओ, धनघटा