कोटा आवंटन की बैठक में हंगामा
- हंगामे के कारण कोटा चयन हुआ निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। विकास खंड खलीलालबाद के ग्राम सभा मोहीउद्दीनपुर में मंगलवार को कोटा आवंटन के लिए हुई बैठक में हंगामा हो गया। हंगामे के कारण कोटा चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया। अधिकतर ग्रामवासी बैठक के स्थान को लेकर नाराज थे और बैठक को आंगनबाड़ी केंद्र पर कराए जाने की मांग कर रहे थे।
ग्राम सभा मोहीउद्दीनपुर का कोटा वर्तमान समय में ग्राम सभा मोहम्मदपुर कठार के साथ संयुक्त रूप से चल रहा है। ग्राम सभा मोहिउद्दीनपुर में कोटे की दुकान के चयन के आदेश के बाद ग्राम सभा से कुल चार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। जिसके क्रम में मंगलवार को ग्राम पंचायत आधिकारी आनन्द मोहन वर्मा व ग्राम प्रधान की मौजूदगी में खुली बैठक कर कोटेदार का चयन किया जाना था। खुली बैठक में ग्राम सभा के अंदर स्थित एक मस्जिद के पास बैठक की जानी थी। जहां सुबह से ही अधिक संख्या में ग्रामीण जुट गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सेक्रेटरी ने स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बैठक के स्थान का विरोध करते हुए हंगामा किया साथ ही अर्धनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र पर बैठक की मांग करने लगे। हंगामे को बढ़ता देखते हुए सेक्रेटरी ने बैठक को स्थगित कर पुन: अगले आदेश के बाद बैठक कराने की बात कहकर मौके से चले गए। सेक्रेटरी आनंद मोहन वर्मा ने बताया कि बैठक के स्थान को लेकर लोगों का मतभेद होने के कारण बैठक स्थागित करनी पड़ी। पुन: आदेश के बाद बैठक कर चयन किया जाएगा। इस मौके पर चौकी इंचार्ज आनन्द सिंह, इंद्रेश यादव, मोहम्मद असजद आदि मौजूद रहे।