खलीलाबाद शहर में पकड़ा हुक्का बार, चार हिरासत में
दोस्त का जन्मदिन मनाने आए थे और पकड़े गए तीनों युवक
मौके से हुक्का पीने के उपकरण, नशे का सामान बरामद
जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शहर की पुरानी सब्जी मंडी के पास पुलिस ने रविवार की देर शाम हुक्का बार पकड़ा। मौके से पुलिस ने हुक्का पीते तीन युवकों के साथ बार के मालिक को हिरासत में ले लिया। पुलिस को हुक्का पीने के उपकरण, नशे के सामान मिले। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
सीओ गयादत्त मिश्र ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने हुक्का बार बंद करने के निर्देेश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हुक्का बार संचालित होने से तमाम युवा नशे की लत में फंसते जा रहे हैं। इधर, लगातार शहर में हुक्का बार संचालित होने की शिकायतें उन्हें और एसपी को मिल रहीं थीं। एसपी ने सूचनाएं जुटा कर संचालित हुक्का बार को बंद कराने और संबंधितों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रविवार की देर शाम सूचना मिली कि खलीलाबाद कीपुरानी सब्जी मंडी के पास शहर का ही रहने वाला एक शख्स किराए के मकान में हुक्का बार चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस कर्मियों के साथ छापा मारा गया। मौके से हुक्का बार का मालिक और तीन अन्य युवक हुक्का पीते पकड़े गए। मौके से हुक्का पीने के उपकरण, नशा के सामान मिले हैं। हुक्का पीते पकड़े गए युवकों में दो नगर पंचायत मगहर के और एक सहजनवा क्षेत्र का रहने वाला है। हुक्का मालिक ने बताया कि 40 से 45 मिनट हुक्का पीने की दर 300 रुपये निर्धारित है। शौकीन युवा हुक्का पीने आते हैं और निर्धारित रकम देकर वापस चले जाते हैं। पकड़े गए युवकों ने बताया कि अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में आए थे। उन्हें क्या पता था कि ऐसे पकड़ लिए जाएंगे। सीओ ने बताया कि जांच के बाद इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।