आम्रपाली एक्सप्रेस में मरे रामराज की फाइल फोटो ।
संतकबीरनगर। लुधियाना से आ रहे जिले के निवासी एक होजरी कारीगर की आम्रपाली एक्सप्रेस में मौत हो गई। उक्त व्यक्ति महुली क्षेत्र के सडहरा गांव का निवासी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महुली थानाक्षेत्र के सड़हरा गांव के निवासी रामराज (65) पुत्र अवधू लुधियाना में होजरी के कारीगर थे। शनिवार की सुबह 10 बजे वह लुधियाना में आम्रपाली एक्सप्रेस में सवार होकर खलीलाबाद के लिए निकले। उनको लाने के लिए रविवार की सुबह आठ बजे के करीब उनका पुत्र मिथुन और नाती सूरज अपने सहयोगी गोविन्द के साथ खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। सुबह तकरीबन सवा आठ बजे जब आम्रपाली एक्सप्रेस खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची और वे उनको ट्रेन में लेने के लिए पहुंचे तो वह ट्रेन में बेजान पड़े हुए थे।
बोगी में बैठे लोगों ने बताया कि जब बस्ती से ट्रेन चली और मुंडेरवा के पास पहुंची तभी वह ट्रेन से उतरने के लिए अपना सामान लेकर डिब्बे में गेट के पास पहुंचे थे। चुरेब के पास वह लड़खड़ाने लगे और गिरकर निढाल हो गए। परिवार के लोग उनको उतारकर आरपीएफ चौकी प्रभारी एसके शर्मा तथा हेड कांस्टेबल वी बी यादव के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके मौत की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। रामराज के तीन पुत्र कालीप्रसाद, मनोज कुमार, मिथुन व एक अन्य पुत्री है। सभी लोगों की शादी हो चुकी है। रामराज तकरीबन 30 साल से लुधियाना में काम करते थे और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है।
कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।