- नाबालिग भी पहुंचते थे इन रेस्टोरेंट में
- कर्मचारी सिखाते थे हुक्का पीने का तरीका
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में तीन रेस्टोरेंट में पकड़े गए हुक्का बार से हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि दो माह से चल रहे इन हुक्का बार में कई नाबालिग आते थे।
पुलिस के छापे में पकड़े गए आरोपी संचालकों ने अपने कुबूलनामे में बताया कि एक दिन में एक रेस्टोरेंट में करीब 30-40 लोग पहुंचते थे। इसमें कई नाबालिग होते थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंदर आते ही एक बार में 300 रुपये जमा करा लिए जाते थे। इसके बाद जितनी बार चाहें हुक्का मंगाकर कस लगाते थे। इतना ही नहीं रेस्टोरेंट के कर्मचारी हुक्का पीने और धुएं का छल्ला बनाने का तरीका भी बताते थे।
अलग बना रखा था केबिन
रेस्टोरेंट में हुक्का बार के लिए अलग से केबिन बनाया गया था। हुक्का बार वाले रेस्टोरेंट में युवक अकेले नहीं पहुंचते थे। टोलियों में पहुंचे युवकों को देखकर ही कर्मचारी समझ जाते थे कि उनको अलग हुक्का बार के केबिन में ले जाना है। बताया जाता है कि हुक्का बार सुबह 10 से रात के 10 बजे तक चलता था। यहां दिन भर युवकों की भीड़ लगी रहती थी।