संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा संयुक्त रूप से होमगार्ड भर्ती परीक्षा पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान केद्रों की सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
होम गार्ड्स परीक्षा के लिए मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआरपीजी काॅलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, प्रहलाद राय बनारसी लाल बालिका विद्यालय इंटर कालेज खलीलाबाद को केंद्र बनाया गा है। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुगम व व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या नकल से संबंधित प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी अधिकारी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। होमगार्ड लिखित परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मुस्तैद है, तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।