संतकबीरनगर। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों पर सख्ती बढ़ाने जा रही है। गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध और वांछित अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के 64 आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। पुलिस ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखेगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करेगी।
पुलिस विभाग द्वारा तैयार आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जिले के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 29 कार्रवाई हुईं, जबकि 59 हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। वहीं वर्ष 2026 में 17 मई तक 13 गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई और 64 हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी हैं।
इससे साफ है कि पुलिस इस वर्ष अपराधियों की निगरानी और नियंत्रण को लेकर अधिक सक्रिय हो गई है।
आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में सबसे अधिक 13 गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई खलीलाबाद थाने में हुई थी। इसके अलावा बखिरा, धनघटा, महुली और दुधारा थानों में भी कई मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई थी। वहीं 2026 में अब तक खलीलाबाद में चार, दुधारा और धनघटा में दो-दो तथा अन्य थानों में एक-एक गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग बनाकर अपराध करने वाले और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। बड़े मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाएगी। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद आरोपियों की गतिविधियों, आवाजाही और संपर्कों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
-संदीप कुमार मीना, एसपी