हियुवा कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस और चैत रामनवमी के अवसर पर बुधवार को बैंक चौराहे से जुलूस निकाला। जुलूस शहर के गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहा, आजाद तिराहा, मेंहदावल बाईपास होते हुए जिला अस्पताल तक पहुंचा। जहां हियुवा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों में फल वितरित किया।
हियुवा के जिला प्रभारी आनंद शंकर पाठक और जिला संयोजक सुभाषचंद त्रिपाठी ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने पांच अप्रैल 2000 को हियुवा का गठन किया था। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हियुवा का गठन हिन्दुत्व की रक्षा और विकास के उद्देश्य से किया था। हियुवा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता यही संकल्प दोहराए कि वह हिन्दुत्व की रक्षा और विकास के रास्ते पर चलेंगे। हियुवा का जो मिशन है उसे निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। नेताद्वय ने कहा कि हियुवा में शामिल होने के लिए अन्य दलों के लोग उत्सुक हैं, लेकिन प्रदेश नेतृत्व का निर्देश है कि नए कार्यकर्ता की नियुक्ति और पदाधिकारी अभी नहीं बनाए जाएंगे। जो लोग हिन्दू संगठनों से जुड़ना चाहते हैं वह ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, साल भर उनकी परख होगी। उसके बाद जैसा प्रदेश नेतृत्व का निर्देश होगा, वैसा आगे किया जाएगा। संगठन के निर्देशानुसार हियुवा कार्यकर्ता अपने मिशन में निरंतर जुटे रहेंगे। जिला अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉक्टर एपी श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर आलोक सिन्हा, हियुवा जिलाध्यक्ष टुनटुन राय, राजू उपाध्याय, बालेंद्र शर्मा, वेद प्रकाश, कपिल, मनीष, मणींद्र राय, विजय ठाकुर, जितेंद्र जायसवाल, गणेश वर्मा, रंजीत, आनंद गुप्ता, रामसिंह निषाद, टंडन सिंह, रामकुमार, सुशील आदि उपस्थित रहे।