बारिश से बचने के लिए पुल के नीचे खड़े लोग
संतकबीरनगर। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो रहे, लेकिन शाम को अचानक मौसम बदल गया और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद कुछ देर तक झमाझम बारिश हुई। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम में नमी आने से शहर में चहल-पहल दिखी।
बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह के समय तेज धूप होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम को करीब चार बजे अचानक बादल छाए गए और कुछ देर झमाझम बारिश हुई। इससे लोगाें को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। इसका असर बाजार पर भी पड़ा है।
लोग बारिश बंद होने के बाद रोजमर्रा के जरूरी सामानों की खरीदारी में जुटे रहे, जिससे शहर में चहल-पहल बनी रही। इस बारिश से किसानों को भी फायदा हुआ है। धान की बेहन के लिए यह बारिश संजीवनी से कम नहीं है।
किसान श्रवण कुमार, अनिल कुमार आदि ने बताया कि कई दिनों से अच्छी बारिश नहीं हुई थी, जिसके कारण बार-बार बेहन की सिंचाई करनी पड़ रही थी, अब बारिश से काफी राहत मिली है। दूसरी तरफ मेंहदावल क्षेत्र में भी बारिश होने से इस क्षेत्र के लोगों को भी राहत मिली है।