संतकबीरनगर। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कोतवाली खलीलाबाद में आयोजित थाना समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना है, उन पर रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारी को भेजा जाए, ताकि समय से कार्रवाई हो सके।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। थाना बखिरा में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह और नायब तहसीलदार खलीलाबाद की संयुक्त मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में दोनों विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया। संवाद