जिलाअस्पताल में बन कर तैयार हुआ पीकू अस्पताल।
- फोटो : KHALILABAD
जिला अस्पताल परिसर में 24 बेड का पीआईसीयू भवन बनकर तैयार
10 चिकित्सक के इलावा 24 स्टाप नर्स व अन्य कर्मियों की होगी तैनाती
भवन के निर्माण में एक करोड़ 48 लाख रुपये हुए हैं खर्च, हस्तांतरण बाकी
पुनीत कुमार मिश्र
संतकबीरनगर। गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों का इलाज अब जिले में हो सकेगा। इसके लिए जिला अस्पताल परिसर में 24 बेड का पीआईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई) बनकर तैयार हो गया है। भवन के निर्माण में एक करोड़ 48 लाख रुपये खर्च हुए हैं। सब कुछ सही रहा तो जल्द यहां इलाज शुरू हो जाएगा।
जिले में जेई एईएस व अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों का सही तरीके से इलाज नहीं हो पाता था। उन्हें या तो मेडिकल कॉलेज या लखनऊ रेफर कर दिया जाता था। जिला अस्पताल में आईसीयू वार्ड है, लेकिन वह बड़े मरीजों के लिए है। किसी तरह से गंभीर बीमार बच्चों को भी उसी में भर्ती कर दिया जाता था। बच्चों के लिए पीआईसीयू की मांग काफी दिनों से हो रही थी। शासन ने वर्ष 2017-18 में जिला अस्पताल परिसर में 24 बेड का पीआईसीयू बनाने के लिए एक करोड़ 48 लाख रुपये जारी किए। अस्पताल के निर्माण कार्य का जिम्मा उत्तर प्रदेश निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड, गोरखपुर को मिला। एक साल में कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य पूरा कर दिया। भवन में साज-सज्जा का कार्य चल रहा है। इस दो मंजिले भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं दी जानी हैं। एक ही छत के नीचे सभी तरह की जांच हो सकेंगी। पीआईसीयू में 10 चिकित्सक, 24 स्टाफ नर्स के अलावा कई कर्मचारी रखे जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. हर गोविंद सिंह ने बताया कि पीआईसीयू भवन बनकर तैयार है। साज-सज्जा का कार्य चल रहा है। हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। चिकित्सक व अन्य स्टाफ की तैनाती के लिए शासन में पत्र लिखा गया है।