- अधिक एंटीबायोटिक लेने से बीमारी बन रही गंभीर
- जिला अस्पताल में करीब 1200 मरीजों की हुई ओपीडी
संतकबीरनगर। सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल की चपेट में आने पर अगर बिना चिकित्सक की सलाह के एंटीबायोटिक दवा ले रहे हैं तो यह बीमारी काे गंभीर बना देगी। उसकी वजह से वायरल से उबरने में ज्यादा समय लग जाएगा। सामान्य तौर पर वायरल पांच से सात दिन में ठीक होता है लेकिन अब 10 से 12 दिन ले रहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों सबसे अधिक वायरल के मरीज आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को लगभग 1200 मरीज ओपीडी में आए। इनमें वायरल, बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम, गले, पेट में दर्द और त्वचा के सबसे ज्यादा मरीज रहे। वायरल बुखार के मरीजों में यह देखने में आ रहा है कि वह लगातार दुकान से दवाओं का सेवन कर रहे हैं, बावजूद इसके बीमारी से उबर नहीं पा रहे हैं। बुखार न उतरने पर पुराने मरीज दोबारा अस्पताल आ रहे हैं।
फिजिशियन डॉ. रामशंकर ने बताया कि अगर बुखार आ रहा है और बिना चिकित्सकीय परामर्श के दुकान से एंटीबायोटिक दवा खा रहे हैं तो यह बीमारी को और बढ़ा देगी। बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक और स्टेराॅयड दवाएं न लें। बताया कि मरीज को देखने के बाद चिकित्सक लक्षणों के आधार पर दवाएं लिखते हैं, लेकिन अपनी मर्जी से दवा लेने वाला मरीज ऐसा नहीं कर पाता है। जिससे वह निर्धारित समय से ज्यादा दिन तक बुखार से पीड़ित रहता है।
बदलते मौसम में इन बातों का रखें ख्याल
- सुबह और शाम शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें।
- मच्छरों से बचाव के लिए दरवाजे और खिड़कियों में जाली लगवाएं।
- हल्का बुखार आने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाएं।
- ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और आइस्क्रीम का सेवन बंद कर दें।
- देर रात या सुबह बिस्तर से उठकर सीधे बाथरूम न जाएं।
- त्वचा पर नहाने के बाद नारियल तेज और मॉश्चराइजर लगाएं।