जिला अस्पताल में मरीज देखते चिकित्सक
संतकबीरनगर। गर्मी और बारिश उसके बाद उमस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों की सेहत बिगड़ रही है। पेट दर्द, डायरिया, बुखार और सांस में दिक्कत से लोग परेशान हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ जुट रही है। शनिवार को 1030 मरीज अस्पताल आए। इससे पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक काउंटरों के सामने मरीजों की लंबी लाइनें लगी रही।
जिला अस्पताल खुलने के साथ ही मरीजों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। काउंटर पर मरीज और उनके तीमारदारों को पर्चा बनवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सबसे ज्यादा पेट दर्द, डायरिया, बुखार और सांस के रोगी आए। चिकित्सकों ने परामर्श देकर दवा दी और फिर दिखाने को कहा। बंजरिया निवासी संदीप गुप्त, बालूशासन के बिमल ने बताया कि दो दिन से पेट में दर्द हो रहा है। जिसे दिखाने आए थे।
इसी तरह से अचकवापुर निवासी अयाज ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत है। थोड़ा सा चलने में थकान आ जा रही है। चिकित्सक को दिखाया है तो उन्होंने दवा दी है और फिर बुलाया है। फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि तेज धूप और बारिश के बाद उमस से लोगों की सेहत बिगड़ रही है।
ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश में भीगने से बचे और धूप में कम निकले। तला भुना कम खाए। अगर दिक्कत आती है तो बिना चिकित्सक के सलाह के कोई दवा न खाए।