प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित होगा स्वास्थ्य मेला
18 अप्रैल से 23 अप्रैल बीच होगा आयोजन
ब्लॉकवार तिथि निर्धारित, अन्य विभाग भी करेंगे सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के सभी ब्लॉकों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। 18 से 23 अप्रैल के बीच होने वाले इस स्वास्थ्य मेले में जन समुदाय को योजनाओं की जानकारी के साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अर्पणा उपाध्याय के पत्र के हवाले से सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले के लिए तिथि निर्धारित कर दी गई है। इसके तहत खलीलाबाद में 18 अप्रैल, सांथा व बेलहरकला में 19 अप्रैल, मेंहदावल में 20 अप्रैल, नाथनगर में 21 अप्रैल, हैंसर बाजार व पौली में 22 अप्रैल और सेमरियावां व बघौली ब्लॉक में 23 अप्रैल को स्वास्थ्य मेला आयोजित होगा। मेला आयोजित करने के पीछे शासन की मंशा है कि इसमें स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग से संबंधित सेवाओं, जिसमें मातृ शिशु कल्याण, टीकाकरण, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाएं प्रदान करने के साथ ही इसका प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाना, मेले में शामिल होने वालों के लिए डिजिटल स्वास्थ्य आईकार्ड बनाने की सुविधा, स्वस्थ रहने के लिए उच्चतम स्वास्थ्य एवं उचित व्यवहार अपनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करना और रोगों की शीघ्र पहचान के लिए स्क्रीनिंग, परीक्षण, औषधि एवं जांच सुविधा के साथ आवश्यकता के अनुसार संबंधित विशेषज्ञ से टेली कंसलटेंसी प्रदान करना है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन के लिए तैयारी की जा रही है।