सीएचसी का अर्धनिर्मित भवन नहीं लेगा स्वास्थ्य विभाग
- बेलहर और पौली में बना है सीएचसी, कर्मियों के लिए नहीं बना आवास
- सीएमओ ने निरीक्षण के बाद भवन लेने से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेलहर और पौली में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनकर तैयार हो गया है, लेकिन कर्मचारियों और चिकित्सकों के लिए भवन नहीं बने हैं। कार्यदायी संस्था ने भवन हैंडओवर के लिए सीएमओ से संपर्क किया तो सीएमओ भवन लेने से इन्कार कर दिया। सीएमओ ने आवासीय भवन के पूर्ण होने के बाद ही हैंडओवर की बात कही है।
जिले के बेलहर ब्लॉक और पौली ब्लॉक में सीएचसी के लिए भवन नहीं था। जिसके लिए इन ब्लॉकों में भवन बनाने की तैयारी हुई। दोनों ब्लॉकों में भवन बनकर तैयार हो गया है। भवन का निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था ने सीएमओ से संपर्क किया और भवन के हैंडओवर लेने की बात कही। जिस पर सीएमओ ने बेलहर ब्लॉक में बने सीएचसी भवन का निरीक्षण किया तो वहां पर भवन अधूरा मिला।
अस्पताल भवन तो बना हुआ, लेकिन कर्मचारियों और चिकित्सकों के लिए बने भवन अधूरे हैं। इसी तरह से पौली में भी बना सीएचसी भवन अधूरा है। वहां पर भी कर्मचारियों के लिए आवास नहीं बने हैं।
स्वास्थ्य महकमे के लोगों की माने तो जब आवासीय भवन नहीं है तो कर्मचारी कहां रहेंगे। ऐसे में अस्पताल में ड्यूटी करने में भी परेशानी होगी। अगर आवासीय भवन रहेगा तो कर्मी हर समय मौजूद मिलेंगे।
जब तक बेलहर और पौली में सीएचसी परिसर में आवासीय भवन पूर्ण रूप से तैयार नहीं होंगे तब तक हैंडओवर नहीं लिया जाएगा। हमारे चिकित्सक और कर्मचारी कहां रहेंगे। इससे अस्पताल के संचालन में कठिनाई आएगी। कार्यदायी संस्था को अस्पताल भवन के साथ आवासीय भवन को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ अनिरूद्घ सिंह, सीएमओ