संतकबीरनगर। नर्स की गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने संस हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर के संचालक को जेल भेज दिया है। इधर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। अब स्वास्थ्य विभाग मानकों को पूरा न करने पर संस अस्पताल के संचालक पर केस दर्ज कराएगा।
बता दें कि संस हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर टेमा रहमत में सात अप्रैल को नर्स की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य साक्ष्य के आधार पर अस्पताल संचालक रामजी राव को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की।
इस मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक को जेल भेज दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंच कर जांच की तो वहां पर पंजीकृत कोई भी चिकित्सक और कर्मचारी नहीं मिले थे। इसके बाद अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर और उसे सील कर दिया। अब स्वास्थ्य विभाग अस्पताल संचालक पर नियमों का पालन न करने का केस दर्ज कराएगा।