कंपोजिट विद्यालय करही में परीक्षा देते छात्र -संवाद
सेमरियावां। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित परिषदीय व कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा हुई। दूसरे दिन परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
सेमरियावां ब्लाॅक में 78 प्राथमिक विद्यालय, 22 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 41 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। दूसरे दिन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, संविलियन व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रथम पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक कक्षा दो, तीन में गणित, कक्षा चार से पांच तक के विद्यार्थियों की हिंदी परीक्षा आयोजित की गई।
दूसरे पाली 12.30 से 2.30 बजे तक कक्षा दो से आठ तक संस्कृत उर्दू की परीक्षा आयोजित की गई। छोटे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सभी विषयों की परीक्षाओं में हिस्सा लिया। वहीं, कक्षा छह में हिंदी विषय और सात से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए प्रथम पाली में विज्ञान विषय की परीक्षाएं संपन्न कराई गईं।
सेमरियावां बीआरसी के अनुसार ब्लाक के कुल 12 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। इसमें से 12 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल हुए।
स्कूलों में संचल दल की निगरानी व्यवस्था रही। इस संबंध में बीईओ आशीष सिंह ने बताया कि सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि वह शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति कराए। कोई भी बच्चा परीक्षा देने से वंचित न रहे।