- मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में खलीलाबाद में माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक मौलाना आजाद इंटर काॅलेज खलीलाबाद में संपन्न हुई। इसमें 22 अक्तूबर को शिक्षा निदेशक माध्यमिक के कार्यालय पर आयोजित धरने की समीक्षा की गई। प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक पेंशन, जीपीएफ व पदोन्नति की पत्रावली को जानबूझ कर लंबित रख रहे हैं, जिससे शिक्षकों को कठिनाई हो रही है। प्रकरण को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती को अवगत करा दिया गया है।
बताया कि शासनादेश के बावजूद 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को एक जुलाई और एक जनवरी से एक नेशनल वेतन वृद्धि जोड़ते हुए पेंशन व ग्रेच्युटी का लाभ नहीं प्रदान किया जा रहा है जिससे रिटायर शिक्षक परेशान हैं। वर्ष 2019 के बाद सेवानिवृत्त अनेक शिक्षकों के सामूहिक जीवन बीमा का भुगतान नहीं हो पा रहा है। लंबे संघर्षों के बाद जनपद के 27 शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाना है, लेकिन अभी जिला विद्यालय निरीक्षक संबंधित शिक्षकों की पैनल सूची नहीं खोज पाए हैं। जनपद में अनेक शिक्षकों के एरियर का बकाया हैं जिसका भुगतान नहीं हो पा रहा है। एसीपी के कई प्रकरण लंबित हैं।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश राम व संचालन जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने किया। इस अवसर पर जय प्रकाश गौतम, मोहम्मद नदीम, विजय यादव, विवेकानंद यादव, मोहम्मद परवेज अख्तर, अतीक अहमद, ब्रह्मदेव सिंह आदि मौजूद रहे।