आज से खुलेंगे परिषदीय स्कूल, तैयारियों में जुटा विभाग
16 से 20 जून तक सभी बीईओ, जिला व ब्लॉक टॉस्क फोर्स करेगी स्कूलों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। गर्मी की छुट्टी के बाद 16 जून से परिषदीय स्कूल खुल रहे हैं। इसकी तैयारियों में विभाग जुटा हुआ है। बीएसए ने सभी बीईओ को निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों और नामांकित छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही स्कूल की साफ-सफाई व पेयजल, एमडीएम, शौचालय आदि व्यवस्था दुरुस्त कराएं।
ग्रीष्म अवकाश 20 मई से 15 जून तक घोषित किया गया। 16 जून से स्कूल खोले जाने के निर्देश हैं। गर्मी व तापमान को लेकर शिक्षक संगठनों ने जुलाई से स्कूल खोले जाने की मांग की थी। बीईओ विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 16 जून से स्कूल खुल रहे हैं। प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को स्कूल की साफ-सफाई, एमडीएम व्यवस्था, पेयजल, बिजली, शौचालय आदि व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। छात्र-छात्राओं को समय से निर्धारित यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते-मोजे आदि के साथ स्कूल में शत-प्रतिशत उपस्थिति हों। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए 16 से 20 जून तक शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों, जिला व ब्लॉक स्तर पर गठित टॉस्क फोर्स के द्वारा अभियान के रूप में विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। सभी शिक्षक समय से स्कूल पहुंचें। आउट ऑफ स्कूल बच्चों की शिक्षा के लिए शारदा पोर्टल और विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों की समावेशी शिक्षा के लिए समर्थ एप पर सूचना अंकित की जानी है। 16 से 20 जून के बीच प्रधानाध्यापकों के साथ और 16- 25 जून तक एआरपी के साथ बैठक होनी है।
कोट
16 जून से परिषदीय स्कूल खुल रहे हैं। सभी बीईओ के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं की शत प्रतिशत उपस्थित हो। इसके अलावा कायाकल्प के तहत जो कार्य कराए जाने हैं, उसमें अधूरे कार्य को पूरा कराया जाए। शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार, बीएसए