संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के पुराने सब्जी मंडी रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय के सामने रेलवे ट्रैक पर शनिवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से गोरखपुर के युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनाम पूर्ण करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया।
रेलवे से कोतवाली पुलिस को रेलवे ट्रैक पर युवक के शव होने की सूचना मिली। जो रेलवे ट्रैक पर किसी ट्रेन के चपेट में आ गया था और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास आधार कार्ड और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान आनंद कुमार 25 वर्ष पुत्र सूर्यभान साहनी निवासी दारघाट अनंतपुर थाना हरपुर बुदहट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई।