संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की आनलाइन निगरानी डीआईओएस कार्यालय से हो रही है। नेट स्लो चलने की वजह से लगभग 20 परीक्षा केेंद्रों की निगरानी नहीं हो पा रही थी। जब शनिवार को डीआईओएस ने नाराजगी जताई तो परीक्षा केंद्रों ने हाईस्पीड इंटरनेट का प्रयोग किया। उसके बाद से निगरानी सुचारू रूप से चली।
शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित और इंटरमीडिएट की फल एवं खाद्य संरक्षण की परीक्षा थी। शाम की पाली में हाईस्कूल की आटोमोबाइल वाणिज्य और इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा थी। डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से जिले के 113 परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम की माने तो करीब 20 ऐेसे परीक्षा केंद्र थे जहां का सीसीटीवी सही नहीं चल रहा था। वहां पर इंटरनेट की समस्या थी और रह-रहकर कनेक्टिविटी कट जा रही थी। जिसके बाद डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने इन परीक्षा केंद्रों को तत्काल हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
हालांकि कुछ देर बाद ही इंटरनेट सही हो गया। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर जो इंटरनेट लगे थे वह सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हुई। इसी क्रम में सिद्धार्थनगर के डायट प्राचार्य व जिला पर्यवेक्षक उमेश त्रिपाठी ने पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। जहां पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित होते मिली।