संतकबीरनगर। गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के चलते शुक्रवार को गोरखपुर-बठिंडा एक्सप्रेस निरस्त हो गई, जबकि चार ट्रेनाें का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानी बढ़ गई है। लोगों को मजबूरी में बसों से सफर करना पड़ा। तीन मई को यशवंतपुर एक्सप्रेस खलीलाबाद से चलाई जाएगी। पूर्वाेत्तर रेलवे गोरखपुर में कार्य होने के कारण मेगा ब्लॉक है। जिसके कारण कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया तो कई ट्रेनें निरस्त चल रहीं है। शुक्रवार को गोरखपुर-बठिंडा एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई तो अम्रपाली एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, बैशाली एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। यह ट्रेनें दूसरे मार्ग से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। कुशीनगर एक्सप्रेस को गोमती नगर से चलाया गया। इससे ट्रेन से सफर की मंशा पाले लोगाें को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
ट्रेनों के न चलने से लोगाें को मजबूरी में परिवहन निगम की बसों से सफर करना पड़ा। गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर और इंटरसिटी ट्रेन पहले ही निरस्त हैं। जिससे लोकल यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। तीन मई को यशवंतपुर एक्सप्रेस खलीलाबाद से चलाई जाएगी, इससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिल सकती है। खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास पर बस का इंतजार करते मिले जनार्दन प्रसाद, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि लखनऊ जाना था, लेकिन इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त रहने से बस से सफर करना पड़ रहा है।