मेगा ब्लाॅक के चलते सूना पड़ा रेलवे स्टेशन
संतकबीरनगर। गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के चलते यात्रियाें की परेशानी बढ़ गई है। कहीं ट्रेनें जहां मार्ग परिवर्तित होकर चल रही है, वहीं कई निरस्त हैं। शनिवार को गोरखधाम और यशवंतपुर एक्सप्रेस निरस्त रही। इससे ट्रेन से सफर करने की मंशा पाले यात्री परेशान रहे। उन्हें बसों का ही सहारा रह गया है।
गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के चलते तीन पैसेंजर सहित इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त चल रही है। इस बीच शनिवार को गोरखधाम एक्सप्रेस भी निरस्त हो गई है। यह ट्रेन अब तन मई तक नहीं चलेगी। इसके साथ ही शनिवार को यशवंतपुर एक्सप्रेस भी निरस्त रही। ऐसे में यात्रियो की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को सफर के लिए बसों का ही सहारा रह गया है। लोकल यात्री तो परिवहन निगम की बसों सहारे किसी प्रकार अपने गंतव्य स्थान की यात्रा कर लें रहे हैं, लेकिन लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग काफी परेशान हैं।
मजबूरी में लोगों को प्राइवेट बसों से सफर करना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें अधिक किराया देना पड़ रहा है। यात्री महेश कुमार, राहुल आदि ने बताया कि ट्रेनें न चलने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।