सोना लूटकांड : संतकबीरनगर से पीछे लग गए थे बदमाश, सीसीटीवी फुटेज में दिखे
- बिना नंबर की स्कूटी सवार दो बदमाशों ने 40-45 किलोमीटर दूर गोरखपुर आकर वारदात को अंजाम दिया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। गोरखपुर में मंगलवार रात हुए सोना लूट कांड के तार संतकबीरनगर से जुड़े हैं। गोरखपुर और संतकबीरनगर की संयुक्त पुलिस टीम ने शहर में लगे कई जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इसमें बिना नंबर की स्कूटी सवार दो बदमाश स्वर्ण कारोबारी सुरेंद्र सिंह का पीछा करते दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश संतकबीरगनर से ही स्वर्ण कारोबारी के पीछे लग गए थे। जिले में लूट नहीं कर पाए तो स्कूटी से 40-45 किलोमीटर तक स्वर्ण कारोबारी का पीछा करके गोरखपुर आए और पांडेयहाता के पास लूट की घटना को अंजाम दिया।
अमृतसर (पंजाब) के स्वर्ण कारोबारी सुरेंद्र सिंह के साथ मंगलवार देर रात गोरखपुर के पांडेयहाता के पास लूट हुई थी। करीब 45 लाख कीमत का 1.4 किलोग्राम सोना लूटा गया था। वारदात से पहले स्वर्ण कारोबारी संतकबीरनगर गए थे। लिहाजा, मुखबिरी होने की आशंका है। इसी लिहाज से पुलिस ने संतकबीरनगर के स्वर्ण कारोबारियों से पूछताछ की है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। जानकारी के मुताबिक लूट की घटना की जांच करने गोरखपुर के पांडेयहाता चौकी इंचार्ज अरुण सिंह और एसओजी प्रभारी चंद्रभान सिंह पीड़ित कारोबारी को साथ लेकर बुधवार को संतकबीरनगर आए। एसपी संतकबीरनगर डॉक्टर कौस्तुभ ने भी मेंहदावल बाईपास पर पीड़ित कारोबारी से घटना के बारे में जानकारी ली।
एसपी ने एसओजी प्रभारी अजय सिंह को गोरखपुर की पुलिस टीम के सहयोग में लगा दिया। गोरखपुर और संतकबीरनगर की एसओजी टीम ने गोला बाजार के उन स्वर्ण कारोबारियों से पूछताछ की है, जहां स्वर्ण कारोबारी गए थे। टीम ने गोला बाजार, मधुकुंज तिराहा और मेंहदावल बाईपास के इर्द-गिर्द लगे कुछ सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। पुलिस के मुताबिक गोला बाजार से ई-रिक्शा पकड़कर जाते समय कारोबारी के पीछे बिना नंबर के स्कूटी पर दो बदमाश दिखाई पड़ रहे हैं। साफ है कि बदमाश संतकबीरनगर से पीछे लग गए थे। लिहाजा, संतकबीरनगर से ही मुखबिरी की आशंका है। इसकी छानबीन में पुलिस की टीमें लगी हैं। गोला बाजार के कुछ स्वर्ण कारोबारी भी पुलिस के निशाने पर हैं।
--
रोडवेज बस से लौटे सुरेंद्र
पुलिस के मुताबिक स्वर्ण कारोबारी दो फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर से रोडवेज की बस पकड़ी और दोपहर 12 बजे संतकबीरनगर आ गए। शहर के गोला बाजार जाकर चार स्वर्ण कारोबारियों से बात की और कुछ कीमत का सोना बेचा। शाम सात बजे से वह गोला बाजार से ई-रिक्शा से मेंहदावल बाईपास तक गए। वहीं से रोडवेज की बस से पकड़कर गोरखपुर गए। बस से ट्रांसपोर्ट नगर में उतरे और घंटाघर के लिए पैदल चल पड़े। पांडेयहाता के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर बैग में रखा सोना लूट लिया। इसी का नतीजा रहा कि जांच की दिशा संतकबीरनगर की तरफ मुड़ गई।
कोट
गोरखपुर में हुए सोना लूट कांड के पीड़ित सुरेंद्र सिंह संतकबीरनगर आए थे। यहां से जाने के बाद ही पांडेयहाता के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। गोरखपुर पुलिस का सहयोग किया जा रहा है। पीड़ित से जानकारी ली गई है। संतकबीरनगर पुलिस भी बदमाशों को चिह्नित कर रही है। जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।
- डॉ. कौस्तुभ, एसपी