चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, दूसरा साथी फरार
धनघटा। महुली पुलिस ने बुधवार की भोर में चवरिया गांव के पास से चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जबकि दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पुलिस ने पकड़े गए युवक को जेल भेज दिया।
काली जगदीशपुर चौकी प्रभारी हरिकेश भारती ने सूचना के आधार पर बुधवार की भोर में चवरियां गांव के निकट से संदिग्ध हाल में बाइक के साथ खड़े युवक को पकड़ा। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कागज भी नहीं दिखा सका। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान संजय शर्मा निवासी रेवटा थाना महुली के रूप में हुई। पूछताछ में बाइक चोरी की निकली। युवक ने बाइक का नंबर प्लेट बदल दिया था और उसे बेचने की फिराक में था। पूछताछ में अपने दूसरे फरार साथी का नाम भी पुलिस को बताया। सीओ अंबरीष भदौरिया ने बताया कि चोर ने अपने महुली क्षेत्र के ही रहने वाले दोस्त के साथ मिलकर कुछ दिन पूर्व बाइक चुराई थी। पकड़े गए चोर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। जबकि दूसरे फरार साथी की तलाश पुलिस कर रही है। संवाद