संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में मंगलवार को मेंहदावल और खलीलाबाद तहसील के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के इंटरमीडिएट पास कुल 546 छात्राओं में कन्या विद्या धन का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद रहे।
लक्ष्मीकांत ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रखी है। इंटरमीडिएट पास टॉपर छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए 30 हजार रुपये कन्या विद्या धन के रूप में दिया जा रहे हैं।
इसके साथ ही इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉपर छात्र छात्राओं को लैपटॉप वितरण की योजना भी चल रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का चौमुखी विकास हुआ है। शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने हरसंभव कदम उठाया है। आज प्रदेश का हर छात्र बेहतर तरीके शिक्षा ग्रहण कर रहा है। जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार ने कहा कि योजना का लाभ हर किसी को मिल रहा है।
छात्र छात्राएं मेहनत से पठन-पाठन करें और बेहतर अंक लाकर योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कन्या विद्या धन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद की 963 छात्राओं को कन्या विद्या धन देने का लक्ष्य मिला था।
लक्ष्य के सापेक्ष 21 प्रतिशत अनुसूूचित जाति की छात्राओं को, 20 प्रतिशत अल्पसंख्यक छात्राओं को व 59 प्रतिशत अन्य जाति की छात्राओं को लाभान्वित किया गया है। जिसमें यूपी बोर्ड की 650, मदरसा बोर्ड की 36, संस्कृत बोर्ड की 36, सीबीएसई की 80 तथा आईसीएससी की 161 छात्राओं को कन्या विद्या धन दिया जा रहा है।
पहले चरण में मेंहदावल और खलीलाबाद तहसील के 41 विद्यालयों के 546 छात्राओं केे लाभान्वित किया गया है। 17 अगस्त को धनघटा तहसील क्षेत्र के छात्राओं को कन्या विद्या धन का वितरण द्वाबा विकास इंटर कॉलेज में किया जाएगा।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, एसपी शैलेश कुमार पांडेय, विधायक अलगू प्रसाद चौहान, सपा जिलाध्यक्ष रामनारायण यादव, सपा नेता जयराम पांडेय, खलीलाबाद विधान सभा प्रत्याशी सुबोध यादव, जेडी आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर केडी यादव, लोरिक यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह, अनवारुल हक, प्रधानाचार्य रामललित यादव, प्रधानाचार्य निशा यादव, गौहर अली, जावेद खान, संजय यादव, श्याम जी विश्वकर्मा, रामभरोसे वारसी, दीक्षा यादव, ऋचा, पूर्णिमा पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।