बेलहर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड-तीन में बृहस्पतिवार को खेत में धान की रोपाई कर रहे किशोर पर बिजली गिर गई। इस हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर में भर्ती कराया गया है।
वार्ड-तीन निवासी मंगरु का 13 वर्षीय पुत्र सूरज उर्फ पंजाबी कक्षा-नौ का छात्र था। वह गांव के अन्य लोगों के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और बिजली सूरज के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में काम कर रहा जोगिंदर पुत्र बंशी भी इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल जोगिंदर को तुरंत बेलहर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उधर किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूरज के एक भाई और दो बहनें हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।