- घरों में हो रही विघ्नहर्ता की पूजा, बना भक्तिमय महौल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर।
जनपद में गणेशोत्सव की धूम है। मंगलवार को भक्तिभाव से पंडालों में भगवान गणेश की सुबह-शाम पूजा व आरती हुई। घरों में भी श्रद्धालुओं ने सिद्धि विनायक की पूजा कर अपनी आस्था निवेदित कर मंगल की कामनाएं कीं।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंगलवार को शहर में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। जगह-जगह गणेश प्रतिमा के लिए बने पंडालों की विशेष सजावट की गई है। चौक-चौराहों और मुख्य बाजार में पूजा पंडाल सजाए गए हैं। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से शहर और कस्बे गूंज रहे हैं। घरों में विघ्नहर्ता की मूर्तियां रखकर पूजा-अर्चना की जा रही है। माहौल पूरी तरह से भक्ति मय बना हुआ है।
शहर के गोला बाजार, समय जी स्थान, मोती चौराहा समेत अन्य जगहों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को विभिन्न कमेटी की देखरेख में भव्य रूप दिया गया है। प्रतिमाओं के साथ ही की गई सजावट को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।
विघ्नहर्ता की पूजा कर मांगीं मुरादें
मगहर। गणेशोत्सव पर नगर के विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमा को स्थापित कर पूजा-पाठ शुरू हो गया। लोग विघ्नहर्ता की पूजा कर मुरादे मांग रहे हैं। नगर के काजीपुर चौराहे के निकट दो, तेलीटोला में एक तथा एक अन्य स्थान पर गणेश चतुर्थी का पंडाल सजा कर धूमधाम से गणपति पूजा का आयोजन किया गया है। हर तरफ गजानन के भक्ति गीत बज रहे हैं, जिससे नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है।