मगहर कबीर चौरा परिसर में खिचड़ी मेले कोे लेकर लग रहा झूला
मगहर। मकर संक्रांति के अवसर पर सद्गुरु कबीर की समाधि एवं मजार पर आने वाले श्रद्धालु मंगलवार और बुधवार को आस्था की खिचड़ी चढ़ाएंगे। इसके लिए मजार व समाधि परिसर की साफ-सफाई हो गई। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए वालंटियर व सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मुस्तैद रहेगी। दुकानें सजने लगी हैं। मेलार्थियों का सोमवार से ही आना-जाना शुरू हो गया है।
सनातन धर्म के अनुसार जब सूर्य मकर रेखा पर पहुंचते हैं। तभी मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है। इसके बाद से सभी तरह के धार्मिक तथा वैवाहिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो जाता है। पूर्व मान्यता के अनुसार 14 जनवरी को मकर संक्रांति (खिचड़ी) का पर्व मनाया जाता है। इसी क्रम में श्रद्धालु मंगलवार और बुधवार की भोर से कबीर समाधि व मजार पर खिचड़ी चढ़ाने पहुंचेंगे। इस साल मकर संक्रांति का पर्व पूर्णरूप से दो दिनों तक श्रद्धालुओं के द्वारा खिचड़ी चढ़ाई जाएगी।
महंत विचार दास ने बताया कि खिचड़ी एक सात्विक भोजन होता है। खिचड़ी चढ़ाना एक भारतीय परंपरा है। इस वर्ष 14 व 15 फरवरी तक श्रद्धालु सुबह से ही खिचड़ी चढ़ाएंगे। महंत सज्जन दास बहादुरगढ़ झज्झर हरियाणा कबीर सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है।